
जालोर 2 मई। जिला गौपालन समिति के अध्यक्ष जिला कलक्टर निशांत जैन ने जिले की 9 पंचायत समितियों में जन सहभागिता योजना के तहत 1-1 नंदीशाला के निर्माण के लिए ई-प्रोक्यूरमेंट के माध्यम से ऑनलाइन बोली प्रस्ताव आमंत्रित किये हैं।
पशुपालन विभाग के संयुक्त निदेशक डॉ. पूनाराम मेन्शन ने बताया कि जिले में 9 पंचायत समिति-जालोर, आहोर, सायला, भीनमाल, जसवंतपुरा, रानीवाड़ा, सांचौर, चितलवाना व बागोड़ा प्रत्येक में 1-1 नंदीशाला जनसहभागिता योजना के तहत निर्माण के लिए 1.57 करोड़ (संस्था द्वारा 10 प्रतिशत व राज्य सरकार द्वारा 90 प्रतिशत राशि) का प्रावधान है। जन सहभागिता योजना के तहत नंदीशाला निर्माण होने से निराश्रित गौवंश की सार संभाल हो सकेंगी। वही असहाय गौवंश के कारण आये दिन होने वाले हादसों में कमी आएगी।
उन्होंने बताया कि ऑनलाइन बोली प्रस्ताव के लिए स्थानीय निकाय नगर पालिका, नगर परिषद या पंचायतीराज संस्थाओं के अतिरिक्त पंजीकृत संस्था, गौ सरकारी संस्था, पंजीकृत ट्रस्ट व पंजीकृत सहकारी संस्था पात्र होंगी। पात्रता के लिए संस्था 3 वर्ष पुरानी होनी चाहिए व संस्था के पास 20 बीघा जमीन होनी चाहिए। संस्था को न्यूनतम 250 नर गौवंश का 20 वर्षों तक का संधारण करना होगा तथा गौशाला संचालन का 3 वर्ष का अनुभव होना चाहिए।
उन्होंने बताया कि नंदीशाला निर्माण के लिए टेण्डर गत 29 अप्रेल, 2022 को अपलोड कर दिया गया है तथा आवेदन की अंतिम तिथि 18 मई, 2022 रखी गई है जिसके तहत गौपालन समिति की ओर से शर्तें पूरी करने वाली पात्र संस्थाओं का चयन किया जायेगा।


