
जालोर 19 अप्रेल। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा पंचायतीराज संस्थाओं के रिक्त पदों पर उप चुनाव माह मई-2022 के लिए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही रिक्त पदों वाले क्षेत्रों में आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है जो चुनाव समाप्ति तक लागू रहेगी।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी (अति. जिला कलक्टर) लोकेश कुमार मीणा ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा पंचायतीराज संस्थाओं के रिक्त पदों पर उप चुनाव माह मई-2022 के लिए घोषित किये गये कार्यक्रम के तहत जालोर जिले में सांचौर पंचायत समिति की भडवल ग्राम पंचायत व सरनाऊ पंचायत समिति की सेडिया ग्राम पंचायत में उप सरपंच तथा बागोड़ा पंचायत समिति के वार्ड संख्या 21 में पंचायत समिति सदस्य (अनुसूचित जाति महिला) के लिए उप चुनाव करवाये जायेंगे। पंचायत समिति सदस्य का उप चुनाव इलेक्ट्रोनिक वोटिंग मशीन के माध्यम से करवाया जायेगा।
उन्होंने बताया कि इसी प्रकार जालोर पंचायत समिति की सिवणा ग्राम पंचायत के वार्ड संख्या 10 (सामान्य) व लेटा के वार्ड सं. 7 (सामान्य), सायला पंचायत समिति की देताकला ग्रा.पं. के वार्ड सं. 6 (सामान्य), बैरठ के वार्ड सं. 3 (अनसूचित जन जाति महिला), माण्डवला के वार्ड सं. 7 (सामान्य) व उम्मेदाबाद के वार्ड सं. 15 (अनुसूचित जाति महिला), सांचौर पंचायत समिति की अरणाय ग्रा.पं. के वार्ड सं. 7 (सामान्य महिला), भडवल के वार्ड सं. 8 (अन्य पिछड़ा वर्ग) व डबाल के वार्ड सं. 6 (अनुसूचित जाति), चितलवाना पंचायत समिति की झाब ग्राम पंचायत के वार्ड सं. 11 (अनुसूचित जाति), गोमी के वार्ड सं. 2 (सामान्य महिला), आकोली के वार्ड सं. 8 (सामान्य महिला) व चितलवाना के वार्ड सं. 8 (अनुसूचित जाति महिला), सरनाऊ पंचायत समिति की सेडिया ग्रा.पं. के वार्ड सं. 1 (सामान्य) व सेवाडा के वार्ड सं. 7 (अनुसूचित जनजाति), जसवंतपुरा पंचायत समिति की जसवंतपुरा ग्रा.पं. के वार्ड सं. 12 (अन्य पिछड़ा वर्ग) तथा रानीवाड़ा पंचायत समिति की जोडवास ग्राम पंचायत के वार्ड सं. 8 (सामान्य महिला) व वार्ड सं. 1 (सामान्य) में रिक्त पदों पर वार्ड पंच के उप चुनाव करवाये जायेंगे।
पंचायत समिति सदस्य उप चुनाव के लिए कार्यक्रम
राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रमानुसार बागोड़ा पंचायत समिति के वार्ड संख्या 21 (अनुसूचित जाति महिला) में पंचायत समिति के रिक्त पद पर उप चुनाव के लिए 25 अप्रेल, सोमवार को जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा नियम 58 के अंतर्गत निर्वाचन की अधिसूचना जारी करने के साथ ही नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत करने की प्रक्रिया प्रारंभ हो जायेगी तथा 27 अप्रेल, बुधवार को प्रातः 11 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किये जा सकेंगे। 28 अप्रेल, गुरूवार को प्रातः 11 बजे से नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा की जायेगी तथा 29 अप्रेल, शुक्रवार को अपरान्ह 3 बजे तक नाम वापिस लिये जा सकेंगे । नाम वापसी का समय समाप्त होने के तुरन्त पश्चात् चुनाव प्रतीकों का आवंटन एवं चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची का प्रकाशन किया जायेगा। 8 मई, रविवार को प्रातः 7 बजे से सायं 5 बजे तक मतदान करवाया जायेगा तथा 9 मई, सोमवार को प्रातः 9 बजे से संबंधित पंचायत समिति मुख्यालय पर मतगणना करवाई जायेगी।
वार्ड पंच व उप सरपंच उप चुनाव के लिए कार्यक्रम
चुनाव कार्यक्रमानुसार जिले की पंचायत समितियों में 18 वार्ड पंचों के रिक्त पदों पर उप चुनाव करवाये जायेंगे जिसके लिए जिला निर्वाचन अधिकारी द्वारा नियम 23 सपठित 56 के अंतर्गत 25 अप्रेल, सोमवार को निर्वाचन की अधिसूचना जारी की जायेगी तथा 1 मई, रविवार को प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किये जा सकेंगे। 2 मई, सोमवार को प्रातः 10 बजे से नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा की जायेगी तथा अपरान्ह 3 बजे तक नाम वापिस लिये जा सकेंगे। नाम वापसी का समय समाप्त होने के तुरन्त पश्चात् चुनाव प्रतीकों का आवंटन एवं चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची का प्रकाशन किया जायेगा। 8 मई, रविवार को प्रातः 7 बजे से सायं 5 बजे तक मतदान करवाया जायेगा तथा मतदान समाप्ति के पश्चात् पंचायत मुख्यालय पर मतगणना करवाई जायेगी।
इसी प्रकार जिले में सांचौर पंचायत समिति की भडवल ग्राम पंचायत व सरनाऊ पंचायत समिति की सेडिया ग्राम पंचायत में रिक्त उप सरपंच के पद पर उप चुनाव के लिए 9 मई, सोमवार को प्रातः 9 बजे से पूर्व बैठक के लिए नोटिस जारी किया जायेगा तथा प्रातः 10 बजे बैठक प्रारम्भ की जायेगी। पूर्वान्ह 11 बजे तक नाम निर्देशन पत्र/प्रस्तावों के प्रस्तुतिकरण का समय रहेगा। पूर्वान्ह 11.30 बजे तक नाम निर्देशन पत्रों की संवीक्षा की जायेगी। पूर्वान्ह 11.30 बजे से अपरान्ह 12 बजे तक चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की सूची तैयार कर चुनाव चिन्हों का आवंटन किया जायेगा। अपरान्ह 12 बजे से 1 बजे के यदि आवश्यक हुआ तो मतदान करवाया जायेगा तथा मतदान समाप्ति के तुरन्त पश्चात् मतगणना एवं परिणाम की घोषणा की जायेगी।


