वन एवं पर्यावरण मंत्री के मुख्य आतिथ्य में हुआ जालोर महोत्सव का समापन

जालोर 17 फरवरी। राज्य के वन एवं पर्यावरण मंत्री सुखराम विश्नोई ने भामाशाहों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि परमार्थ से बढ़कर कुछ भी नहीं है। धन तो हरेक के पास हैं किन्तु उसे खर्च करना दुभर है। वे जालोर महोत्सव के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बोल रहे थे। उन्होंने जालोर महोत्सव के आयोजन के लिए जालोर विकास समिति की प्रशंसा की और भामाशाहों को आर्थिक सहयोग के लिए साधुवाद दिया।वन एवं पर्यावरण मंत्री विश्नोई ने कहा कि जिले की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक विरासत को आगे बढ़ाने के साथ पर्यटन मानचित्र पर उभारने के पूरे प्रयास किये जायेंगे। उन्होंने जालोर महोत्सव के माध्यम से जिले की प्रतिभाओं को आगे लाने के प्रयास को प्रशंसनीय बताया। जालोर विधायक जोगेश्वर गर्ग ने अपने संबोधन में जालोर महोत्सव को जनता का उत्सव बताया। उन्होंने समापन समारोह में प्रस्तुति देने वाले कलाकारों की प्रशंसा की और कहा कि जालोर की धरती कविताओं की जानकार है तथा यहां पर होने वाली सभी साहित्यिक गतिविधियां हमेशा ही सर्वश्रेष्ठ रहती है। जिला कलक्टर हिमांशु गुप्ता ने इस तीन दिवसीय जालोर महोत्सव के सफल आयोजन के लिए जालोर विकास समिति सहित जिलेवासियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जालोर महोत्सव के दौरान खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रम, घुड़दौड, कवि सम्मेलन सहित कई गतिविधियां हुई जिससे जालोर की प्रतिभाओं को आगे आने का मौका मिला। समारोह को सम्बोधित करते हुए जालोर विकास समिति के सचिव मोहन पाराशर ने तीन दिवसीय महोत्सव के दौरान आयोजित कार्यक्रमों पर प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए संक्षिप्त मे प्रकाश डाला। उन्हांने जालोर महोत्सव की सफलता के लिये समन्वयक तरूण सिद्धावत और सहयोग करने वाले सभी कार्यकर्ता, विभागीय अधिकारी एवं भामाशाहों का धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि इस वर्ष का जालोर महोत्सव अनूठे रूप में जिले के 11 स्थानों पर आयोजित हुआ जिसमें नवसृजित सरनाऊ पंचायत समिति में भी जालोर महोत्सव के कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।समारोह में बालिका पूर्वा फाल्गुनी ने महिषासुर मर्दिनी स्त्रोत पर नृत्य, राउमावि लेटा की बालिकाओं ने आज गर्भ में चीख रही है…….पर समूह नृत्य और निहारिका व काजल ने घायल परिन्दा है तू……पर नृत्य की रंगारंग प्रस्तुति दी। समापन समारोह स्टेडियम प्रागंण मे बुधवार को सायंकाल सम्पन्न हुआ जिसमें महोत्सव के दौरान सहयोग करने वाले भामाशाहों, जालोर विकास समिति के कर्मठ कार्यकर्ताओं और जिले के उपखण्ड स्तर के समन्वयकों, सहयोग करने वाले विभिन्न विभागों के अधिकारियों को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। समारोह के समापन की घोषणा के साथ ध्वजावतरण किया गया। कार्यक्रम मे अतिथि के रूप में पुलिस अधीक्षक श्यामसिंह, अतिरिक्त कलक्टर छगनलाल गोयल, प्रशिक्षु आई.ए.एस. गिरधर, जालोर उपखण्ड अधिकारी चम्पालाल जीनगर, आहोर उपखण्ड अधिकारी मासिंगाराम, नगर परिषद सभापति गोविन्द टांक, उपसभापति अम्बालाल व्यास, जालोर महोत्सव के समन्वयक तरूण सिद्धावत, हितेष प्रजापत, मानवेन्द्र सिंह राजपुरोहित सहित बडी संख्या मे गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन मांगीलाल गुर्जर, नरपत आर्य, निशा एम. कुट्टी व नूर मोहम्मद ने किया।

error: Content is protected !!