Home राज्य अधिक दूरी वाले ग्राम विकास अधिकारियो को अतिरिक्त चार्ज दिए, आवागमन के भत्तो से राज्य कोष को चूना

अधिक दूरी वाले ग्राम विकास अधिकारियो को अतिरिक्त चार्ज दिए, आवागमन के भत्तो से राज्य कोष को चूना

अतिरिक्त चार्ज राजकोष को लगा रहा है चूना

चितलवाना 29 अगस्त 2021 । पंचायत समिति में कई ग्राम पंचायतों में ग्राम विकास अधिकारियों को अतिरिक्त चार्ज दिए गए हैं, जबकि उनके मुख्यालय एवं अतिरिक्त कार्यक्षेत्र के बीच दूरी अधिक है। ऐसे में अधिक दूरी वाले ग्राम विकास अधिकारियों को लगाने के पीछे विभाग की क्या मंशा है, यह तो विभाग ही जानें लेकिन इससे राजकोष को चूना जरूर लग रहा है।
जानकारी के मुताबिक चितलवाना पंचायत समिति के मेघावा ग्राम पंचायत का अतिरिक्त चार्ज भाटकी के ग्राम विकास अधिकारी नन्दकिशोर को दिया हुआ है। जबकि मेघावा और भाटकी के बीच दूरी लगभग 40 कि.मी. है। इसी तरह केसुरी में महिला ग्राम विकास अधिकारी श्रीमती विमला विश्नोई पदस्थापित है जिनको निम्बाऊ ग्राम पंचायत के ग्राम विकास अधिकारी का भी अतिरिक्त चार्ज विभाग द्वारा संभाल रखा है। जबकि दोनों ग्राम पंचायतों के बीच लगभग 40 से 50 किलोमीटर की दूरी है वहीं जानवी ग्राम विकास अधिकारी शैतान विश्नोई को परावा ग्राम पंचायत की जिम्मेदारी सौंपी है, इसकी दूरी 35 किलोमीटर है।
यह तो एक बानगी है। ऐसे कई मामले हैं। जिसमे पहले से ही ग्राम पंचायत में ग्राम विकास अधिकारी नजदीकी होने के बावजूद दूसरे दूर के ग्राम विकास अधिकारी को चार्ज दिया गया है। अतिरिक्त चार्ज, अधिक दूरी के ग्राम विकास अधिकारियों को लगा दिया जाता हैं। जबकि नियमानुसार आस-पास के ग्राम विकास अधिकारियों को ही लगाया जाना चाहिए। विभागीय नियमानुसार अतिरिक्त चार्ज वाले ग्राम विकास अधिकारी को 8 किलोमीटर से अधिक दूरी होने पर टीए. डीए. भत्ता देय होता है। ऐसे में जिले में कई स्थानों पर अधिक दूरी के ग्राम विकास अधिकारियों को चार्ज देने के कारण राजकोष को चूना लग रहा है।

प्रकाश वैष्णव 25 सालों से पत्रकारिता क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं । सर्वप्रथम साप्ताहिक समाचार पत्र जय सत्यपुर से अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत कर लोक सूचना एवं क्षेत्र का साथी समाचार पत्र में सेवा दी । उसके बाद पिछले कई सालों से मारवाड़ का मित्र हिंदी पाक्षिक समाचार पत्र का संचालन निरंतर कर रहें हैं ।

error: Content is protected !!