
जालोर 16 अप्रेल। जिला कलक्टर निशान्त जैन ने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप मुख्यमंत्री बजट घोषणाओं की क्रियान्विति के साथ ही फ्लैगशिप योजनाओं का लाभ पात्र लोगों को मिल सकें इसके लिए अधिकारी आपसी समन्वय व टीम भावना से कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्य को तय समय सीमा में अर्जित करना सुनिश्चित करें।
जिला कलक्टर शनिवार को भीनमाल दौरे के दौरान स्थानीय विकास भवन में उपखण्ड स्तरीय अधिकारियों की बैठक लेकर विभागवार समीक्षा कर रहे थे। उन्होंने कहा कि बिजली, पानी व सड़क सहित जन समस्याओं के त्वरित निस्तारण के लिए अधिकारी पूर्ण मनोयोग व निष्ठा के साथ ही सरकारी योजनाओं से अधिक से अधिक पात्र लोगों को लाभान्वित किया जाना सुनिश्चित करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे मुख्यमंत्री बजट घोषणाओं की तय समय सीमा में शत-प्रतिशत क्रियान्विति सुनिश्चित करें ताकि आमजन को इसका लाभ मिल सकें।
बैठक में जिला कलक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिये कि वे फील्ड कार्मिकों की बैठक लेकर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की विभिन्न योजनाओं एवं चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना की लक्ष्यानुरूप प्रगति बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाकर योजनाओं का प्रचार-प्रसार करते हुए निर्धारित लक्ष्य प्राप्त करना सुनिश्चित करें। उन्होंने विभागवार योजनाओं की बिन्दुवार समीक्षा करते हुए अधिकारियों को 30 अप्रेल तक लक्ष्य अनुरूप प्रगति अर्जित करने की बात कही।
इस अवसर पर उपखण्ड अधिकारी जवाहरराम चौधरी, तहसीलदार रामसिंह राव, विकास अधिकारी रमेश शर्मा, नगर पालिका अधिशाषी अधिकारी आशुतोष आचार्य, बीसीएमओ डॉ. दिनेश विश्नोई, एसएचओ लक्ष्मणसिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
कलक्टर ने इन्दिरा रसोई व सीएचसी भीनमाल का निरीक्षण कर दिये आवश्यक निर्देश
जिला कलक्टर ने शनिवार को भीनमाल दौरे के दौरान नगरपालिका द्वारा संचालित इन्दिरा रसोई का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप न्यूनतम दरों पर भोजन की उपलब्धता की इस योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करें ताकि पात्र लोगों को लाभ मिल सकें। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ ही साफ-सफाई पर अधिक जोर देने की बात कही। कलक्टर ने नगरपालिका ईओ को आवश्यकता को देखते हुए एक और इन्दिरा रसोई खोले जाने के लिए निर्देशित किया।
कलक्टर ने सीएचसी भीनमाल का निरीक्षण करते हुए प्रभारी अधिकारी से विभिन्न व्यवस्थाओं के संबंध में आवश्यक जानकारी प्राप्त करते हुए सीएचसी सेंटर को उच्च एवं आधुनिकी तकनीकी युक्त बनाने के लिए विशेष प्रयास के साथ ही कार्ययोजना बनाने की बात कही। उन्होंने सीएचसी सेंटर पर विभिन्न वार्डों का अवलोकन करते हुए मरीजों से वार्ता कर सुविधाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने मुख्यमंत्री निःशुल्क दवा योजना, मुख्यमंत्री निःशुल्क जांच योजना सहित विभिन्न अनुभागों का अवलोकन कर आवश्यक निर्देश प्रदान किये।
इस दौरान उपखण्ड अधिकारी जवाहरराम चौधरी, तहसीलदार रामसिंह राव, विकास अधिकारी रमेश शर्मा, नगर पालिका अधिशाषी अधिकारी आशुतोष आचार्य, बीसीएमओ डॉ. दिनेश विश्नोई सहित अन्य अधिकारी-कार्मिक साथ रहे।


