अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ मिले-भाया
जालोर 10 नवम्बर। राज्य के खान एवं गोपालन मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री प्रमोद जैन भाया ने कहा कि अधिकारी मुख्यमंत्री बजट घोषणा के क्रियान्वयन की प्रभावी मॉनिटरिंग करते हुए सफल क्रियान्विति सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की मंशा के अनुरूप प्रशासन गांवों के संग एवं प्रशासन शहरों के संग अभियान के तहत अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति को जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभांवित कर उन्हें राहत प्रदान करें। उन्होंने अधिकारियों को अभियान के शिविरों को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए।
प्रभारी मंत्री प्रमोद जैन भाया ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बजट घोषणाओं की प्रगति एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि बिजली, पानी, सड़क सहित मूलभूत सुविधाओं के लिए अधिकारी योजनाबद्ध रूप से कार्य कर आमजन की समस्याओं का त्वरित गति से निस्तारण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने घर-घर औषधि योजना, महात्मा गांधी अंग्रेजी विद्यालय, नये विद्युत कनेक्शन, जल जीवन मिशन, नर्मदा परियोजना के एफआर व जीआर प्रोजेक्ट की समीक्षा, कोविड टीकाकरण व चिरंजीवी स्वास्थ्य बीमा योजना, पालनहार योजना व मुख्यमंत्री कोरोना सहायता योजना, शुद्ध के लिए युद्ध अभियान, इन्दिरा रसोई योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना, निरोगी राजस्थान, मुख्यमंत्री निःशुल्क दवा योजना सहित विभिन्न जनकल्याण सरकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिये।
मंत्री भाया ने कहा कि प्रशासन गांवों/शहरों के संग अभियान के दौरान शिविरों में आमजन के लंबित कार्यों व उनकी समस्याओं का मौके पर निस्तारण कर अभियान के उद्देश्य को सार्थक बनावें। जिला प्रमुख राजेश कुमार ने सड़कों के किनारे बरसात के कारण बाहर आई बबूल की झाड़ियों को कटवाने की बात कही ताकि सड़कों पर होने वाली दुर्घटनाओं से बचा जा सके। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना से लाभांवितों की संख्या बढ़ाने की भी बात कही। जालोर विधायक जोगेश्वर गर्ग ने चिकित्सालय में सप्ताह में एक दिन मनोचिकित्सक, गायनिक एवं शिशु रोग विशेषज्ञ का विशेष केम्प लगाने की बात कही जिस पर मंत्री भाया ने इस संबंध में स्वास्थ्य विभाग को केम्प लगाने के निर्देश दिए। जालोर विधायक जोगेश्वर गर्ग ने टोल रोड़ के नवीनीकरण कार्य को तय सीमा में पूर्ण करने की बात भी कही।
जिला कलक्टर नम्रता वृष्णि ने जिले की विभिन्न योजनाओं की प्रगति के संबंध में आवश्यक जानकारी दी। जिला पुलिस अधीक्षक हर्ष वर्धन अग्रवाला ने जिले की कानून व्यवस्था के साथ नाकाबंदी एवं अस्थाई चौकी के बारे में जानकारी दी। अतिरिक्त जिला कलक्टर लोकेश मीणा ने जिले में राजस्व प्रकरणों- नामान्तकरण, शुद्धिकरण, रास्ते, गैर खातेदारी से खातेदारी, आबादी, खातेदारी भूमि सहमति, पत्थर गढी के प्रकरणों की प्रगति के संबंध में जानकारी दी। मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजय कुमार वासु ने प्रधानमंत्री आवास योजना एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा शिविर के माध्यम से पट्टे वितरण की प्रगति के बारे में अवगत करवाया।
इस अवसर पर सीएमएचओ डॉ.जी.एस.देवल, विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता एन.के.जोशी, जलदाय विभाग के अधीक्षण अभियंता ताराचंद कुलदीप, पीएचईडी के अधिशाषी अभियंता रमेश सिंघाडिया, मुख्य जिला शिक्षा अधिकारी टीमाराम मीणा, कृषि विभाग के उप निदेशक आर.बी.सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक कमलसिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


