
जालोर 3 जून। जिला कलक्टर निशांत जैन ने शुक्रवार को सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ रानीवाड़ा-भीनमाल सड़क मार्ग का अवलोकन कर मानसून से पूर्व सड़क मार्ग को दुरूस्त करवाने के निर्देश दिये।
जिला कलक्टर ने रानीवाड़ा-भीनमाल सड़क मार्ग के संबंध में प्राप्त हो रही शिकायतों के संबंध में मौके पर पहुंच कर वस्तुस्थिति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिये कि सड़क में जहां-जहां पेचवर्क की आवश्यकता है वहां गुणवत्तापूर्ण कार्य कर सड़कों को दुरूस्त किया जावें साथ ही आगामी वर्षा ऋतु प्रारंभ होने से पूर्व इस सड़क मार्ग की स्थिति को सुधारा जावें। उन्होंने संबंधित ठेकेदार को पाबंद कर रानीवाड़ा-भीनमाल सड़क मार्ग के पेचवर्क कार्य को निर्धारित समयावधि में पूर्ण करवाने की बात कही।
उन्होंने मौके पर उपस्थित सार्वजनिक निर्माण विकास के अधिशाषी अभियंता को निर्देशित किया कि सांचौर बाईपास तिराहे पर बरसात में जमा होने वाले पानी की निकासी सुनिश्चित की जावें। उन्होंने अधिकारियों को सड़क मरम्मत कार्य का नियमित निरीक्षण कर रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिये।
इस दौरान जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजय कुमार वासु, रानीवाड़ा उपखण्ड अधिकारी प्रकाशचन्द्र अग्रवाल, सार्वजनिक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता हुकमचंद बैरवा व अधिशाषी अधिकारी आर.पी.नवल सहित अन्य अधिकारी साथ थे।


