Home राज्य प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत समिति की बैठक सम्पन्न

प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत समिति की बैठक सम्पन्न

जालोर 10 सितम्बर। जिला कलक्टर नम्रता वृष्णि की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजनान्तर्गत जिला स्तरीय संयुक्त समिति एवं जिला स्तरीय निगरानी समिति की बैठक सम्पन्न हुई जिसमें 1 से 7 जुलाई तक सर्वे कार्य की रिपोर्ट के संबंध में चर्चा की गई।
 बैठक में कृषि विभाग के उप निदेशक डॉ. आर.बी. सिंह ने सर्वे कार्य की जानकारी देते हुए बताया कि आयुक्त कृषि राज. जयपुर एवं जिला कलक्टर के निर्देशानुसार 1 से 7 सितम्बर तक खरीफ 2021 में जिले में औसत वर्षा से कम बारिश होने एवं सूखे से फसलों में उपज के प्रभावित होने के संबंध में संयुक्त टीम जिसमें राजस्व, कृषि, बीमा कंपनी एवं कृषक शामिल थे, द्वारा सर्वे कार्य किया गया। जिले में पांच वर्ष की औसत वर्षा 541 मिमी. है जबकि 31 अगस्त तक मात्र 126 मिमी. बारिश जिले में हुई। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजनान्तर्गत खरीफ 2021 में बाजरा, मूंग, ग्वार, तिल, कपास, ज्वार, मोठ एवं मूंगफली की फसलें बीमा के लिए अधिसूचित है। जिले में अब तक 90483 हैक्टेयर में बाजरा, 98720 हैक्टेयर में मूंग, 53212 हैक्टेयर में ग्वार, 10933 हैक्टेयर में तिल, 12869 हैक्टेयर में मूंगफली, 172 हैक्टेयर में कपास, 3073 हैक्टेयर में मोठ एवं 265 हैक्टेयर में ज्वार फसल का बीमा कृषकों के द्वारा करवाया गया है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के प्रचलित मार्ग दर्शिका के प्रावधान संख्या 21.4 के अनुसार फसल की मध्य अवस्था में कम बारिश के कारण सूखा होने पर फसलों का उत्पादन सामान्य 50 प्रतिशत कम होने की स्थिति में मिड सीजन एडवर्सिटी घोषित करने पर बीमित राशि का 25 प्रतिशत क्लेम कृषकों को तात्कालिक सहायता के रूप में दिए जाने का प्रावधान है। प्रावधान के अनुसार जिले की समस्त तहसीलों में खरीफ की प्रमुख फसलों में मिड सीजन एडवर्सिटी प्रावधान लागू करने के लिए संयुक्त टीम द्वारा सर्वे करवाया गया। सर्वे में यह पाया गया कि खरीफ की प्रमुख फसलां यथा बाजरा, मूंग, ग्वार एवं तिल में वर्षा के अभाव के कारण अत्यधिक नुकसान देखा गया एवं उत्पादन पर प्रतिकूल प्रभाव पडेगा। जिला स्तरीय संयुक्त समिति ने जिले की 285 पटवार मंडल में बाजरा फसल, 203 पटवार मंडल में मूंग फसल, 204 पटवार मंडल में ग्वार फसल एवं 98 पटवार मंडल में तिल की फसल में सूखे के कारण 50 प्रतिशत से कम उपज संभावित होने से मिड सीजन एडवर्सिटी के अन्तर्गत पात्र माना। मिड सीजन एडवर्सिटी के अन्तर्गत कृषकों को बीमित राशि का 25 प्रतिशत क्लेम अग्रिम रूप में दिए जाने एवं बीमा की पॉलिसी जीवित रखने का प्रावधान है। बीमित कृषकों को क्लेम का पूर्ण भुगतान निर्धारित संख्या में अधिसूचित स्तर पर राजस्व मंडल के दिशा-निर्देशानुसार फसल कटाई प्रयोग संपादित किए जाने के बाद प्राप्त वास्तविक उपज के आधार पर गणना कर बीमा कंपनी द्वारा किए जाने का प्रावधान है।
जिला स्तरीय संयुक्त समिति एवं जिला स्तरीय निगरानी समिति के निर्णय अनुसार मिड सीजन एडवर्सिटी अन्तर्गत पात्र पटवार मंडल का प्रस्ताव क्षति अधिसूचना जारी करने एवं बीमा क्लेम का 25 प्रतिशत भुगतान करने के लिए प्रस्ताव आयुक्त कृषि विभाग को प्रेषित कर दिये गये है।
 बैठक में भू-अभिलेख प्रभारी अधिकारी चम्पालाल जीनगर, बजाज एलायन्ज जनरल इंश्योरेंस कम्पनी के जिला प्रबंधक राजेन्द्र सिंह, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के सहायक निदेशक धनसिंह राजपुरोहित, लीड बैंक अधिकारी एस.आर.माली सहित किसान प्रतिनिधि सम्मिलित हुए।

प्रकाश वैष्णव 25 सालों से पत्रकारिता क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं । सर्वप्रथम साप्ताहिक समाचार पत्र जय सत्यपुर से अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत कर लोक सूचना एवं क्षेत्र का साथी समाचार पत्र में सेवा दी । उसके बाद पिछले कई सालों से मारवाड़ का मित्र हिंदी पाक्षिक समाचार पत्र का संचालन निरंतर कर रहें हैं ।

error: Content is protected !!