Home | cooperative | जयपुर | समर्थन मूल्य पर खरीद सरसों एवं चना की 1 अप्रैल से खरीद होगी प्रारंभ

समर्थन मूल्य पर खरीद सरसों एवं चना की 1 अप्रैल से खरीद होगी प्रारंभ

  • किसान 25 मार्च से ई-मित्र या खरीद केन्द्र से करा सकेंगे पंजीयन
99441174 2590505361208840 424417355246862336 o 300x146
जालौर जिले की मिंडावास जीएसएस खरीद केन्द्र – फाइल फोटो

जयपुर, 22 मार्च। सरसों एवं चने की समर्थन मूल्य पर खरीद के लिए 25 मार्च से ऑनलाइन पंजीयन शुरू किया जाएगा। किसान को उपज बेचान के लिए पंजीयन की सुविधा ई-मित्र या संबंधित खरीद केन्द्र (ग्राम सेवा सहकारी समिति /क्रय विक्रय सहकारी समिति) पर उपलब्ध रहेगी। पूरे प्रदेश में 1 अप्रेल से चना के 621 एवं सरसों के 621 सहित कुल 1242 क्रय केन्द्रों पर खरीद प्रारंभ की जाएगी। यह जानकारी सहकारिता मंत्री श्री उदय लाल आंजना ने मंगलवार को दी। श्री आंजना ने बताया कि समर्थन मूल्य पर रबी सीजन 2022-23 में भारत सरकार द्वारा राज्य में चना खरीद का 5.97 लाख मीट्रिक टन एवं सरसों खरीद का  13.03 लाख मीट्रिक टन लक्ष्य दिया गया है। ऑनलाइन पंजीयन करते समय किसान को जनआधार कार्ड, बैंक पासबुक एवं गिरदावरी की प्रति पंजीयन फार्म के साथ अपलोड करनी होगी। किसान को आधार आधारित बायोमैट्रिक अभिप्रमाणन पर पंजीयन करवाना होगा। सहकारिता मंत्री ने कहा कि सभी किसान अपना मोबाईल नम्बर आधार में लिंक करवा लेवें, ताकि किसानों को समय रहते तुलाई दिनांक की सूचना प्राप्त हो सके। किसान यह सुनिश्चित करें कि जनआधार कार्ड में अपने बैंक खाते नम्बर को अद्यतन (अंकित) करें ताकि खाता संख्या एवं आई.एफ.एस.सी. कोड में यदि कोई विसंगति नही रहे ताकि भुगतान के समय परेशानी ना हो। श्री आंजना ने बताया कि एक मोबाइल नम्बर पर एक ही किसान का पंजीयन किया जायेगा तथा पंजीयन का कार्य प्रातः 9 बजे से सायं 7 बजे तक होगा। उन्होंने बताया कि किसान की कृषि भूमि जिस तहसील में होगी उसी तहसील के कार्यक्षेत्र में आने वाले खरीद केन्द्र का चयन रजिस्ट्रेशन के दौरान कर सकेगा। उन्होंने बताया कि किसान को उसकी पंजीकरण दिनांक के आधार पर वरीयता के अनुसार तुलाई के लिए दिनांक एवं जिन्स की मात्रा का आवंटन किया जायेगा तथा इसकी सूचना किसान के पंजीकृत मोबाइल पर एसएमएस द्वारा दी जायेगी। प्रबंध निदेशक राजफैड श्रीमती सुषमा अरोडा ने बताया कि निर्धारित केन्द्रों पर सरसों 5050 रुपये तथा चना 5230 रुपये के समर्थन मूल्य पर किसानों से खरीदा जाएगा। उन्होंने कहा कि तुलाई के समय किसी प्रकार की असुविधा से बचने के लिए उपज को तय एफएक्यू मापदण्डों के अनुसार तैयार कर लाएं। उन्होंने कहा कि किसानों को ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन, उपज के बेचान व भुगतान आदि के संबंध किसी प्रकार की समस्या न हो, तो टोल फ्री नम्बर 18001806001 पर फोन कर समस्या का समाधान कर सकते हैं।

परिचय : प्रकाश वैष्णव एक सहकारी चिंतक, विश्लेषक, स्तंभकार और पत्रकार हैं।
​पत्रकारिता अनुभव: वे पिछले 25 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं।
​करियर की शुरुआत: उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत सबसे पहले साप्ताहिक समाचार पत्र ‘जय सत्यपुर’ से की थी।
​अन्य सेवाएँ: इसके बाद उन्होंने ‘लोक सूचना’ एवं ‘क्षेत्र का साथी’ समाचार पत्रों में भी अपनी सेवाएँ दीं।
​वर्तमान दायित्व: वर्तमान में वे सहकारी आंदोलन को समर्पित प्रमुख हिंदी पाक्षिक समाचार पत्र ‘मारवाड़ का मित्र’ और ‘MKM MEDIA’ समूह वेब पोर्टल के चीफ एडिटर के रूप में निरंतर संचालन कर रहे हैं।

error: Content is protected !!