जालोर महोत्सव का हुआ रंगारंग आगाज

जालोर को पर्यटन मानचित्र पर उभारने में मील का पत्थर साबित होगा महोत्सवः गुप्ता

जालोर, 15 फरवरी। पर्यटन विभाग, जिला प्रशासन एवं जालोर विकास समिति के संयुक्त तत्वावधान में आगामी तीन दिवस पर चलने वाले जालोर महोत्सव का आगाज स्टेडियम में ध्वजारोहण के साथ हुआ। जिला कलक्टर हिमांशु गुप्ता एवं पुलिस अधीक्षक श्याम सिंह सहित प्रशासनिक अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक शोभा यात्रा के रूप में शौर्य स्मारक से स्टेडियम तक पहुंचे। जिला कलक्टर एवं जालोर विकास समिति के अघ्यक्ष हिमांशु गुप्ता ने अपने उद्बोधन में कहा कि जालोर महोत्सव 2021 को लेकर जालोर की जनता मे अपार उत्साह और उमंग है।

जो आज महोत्सव स्थल में नजर आ रहा है। उन्होंने सभी जालोरवासियों को जालोर महोत्सव के शुभारंभ की बधाई दी। और कार्यक्रम में कोरोना गाईडलाइन की पालना के साथ महोत्सव सम्पन्न करवाने की बात कही। उन्होंने जिले के भामाशाहों की प्रशंसा की और कहा कि जिले के भामाशाह हमेशा ही जिले के हित में कार्य करने के लिए तत्पर रहते है। उन्होंने कहा कि यह एक अनोखा उत्सव है जो जालोर जिले के हर हिस्से में पूरे जोश और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। जालोर के प्रशासन, आमजन और जन प्रतिनिधियों का इस महोत्सव को लेकर मन से जुड़ाव वास्तव मे तारीफ के काबिल है। यह महोत्सव जालोर की प्रतिभाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मौका देता है। वही जालोर को ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन मानचित्र पर उभारने में मील का पत्थर साबित हो रहा है। जालोर विकास समिति के सचिव मोहन पाराशर ने स्वागत भाषण में समारोह में पधारे हुए सभी आगन्तुकों का स्वागत किया तथा तीन दिवसीय जालोर महोत्सव का प्रतिवेदन दिया। उन्होंने महोत्सव के दौरान आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों पर संक्षिप्त में प्रकाश डाला तथा आयेजन के लिये सहयोग करने वाले विभिन्न भामाशाहों का तहेदिल से धन्यवाद दिया। उन्होंने बताया कि जालोर महोत्सव के दौरान स्टेडियम प्रांगण, बहुउद्देश्य हॉल और में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जायेगा। उन्होंने जालोर महोत्सव के कार्यकर्ताओं की हौसला अफजाई भी की। समारोह में उपस्थित पूर्व विधायक रामलाल मेघवाल ने अपने उद्बोधन में जिलेवासियों को जालोर महोत्सव की बधाई देते हुए जालोर विकास समिति के कार्यों की प्रशंसा की।समारोह में कोरोना जागरूकता को ध्यान में रखते हुए किशोर एण्ड पार्टी द्वारा नृत्य प्रस्तुत किया गया। सुरेश कुमार आहोर ने तलबारबाजी, प्रवीण चौहान ने ऊंट के साथ करतब दिखाए। नन्हे बालक वीरेन्द्र सिंह सांथू ने योगा के आसन दिखाकर सबको मोहित कर दिया। अतिथियों ने सभी कलाकारों का स्मृति चिह्न देकर सम्मान भी किया। महोत्सव के समन्वयक तरुण सिद्धावत ने बताया कि तीन दिवसीय समारोह मे जालोर सहित अन्य स्थानों से आये कलाकारों द्वारा अपनी कला का प्रदर्शन किया जायेगा साथ ही मनोरंजन के लिये और खरीदारी के लिये विभिन्न स्टॉलें, झूलें और खाने-पीने की स्टॉले भी लगाई गई है। महोत्सव के प्रारम्भ में जालोर विकास समिति द्वारा आगन्तुक अतिथियों का साफा पहनाकर, माल्यार्पण कर एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मान और अभिनंदन किया गया। उद्घाटन समारोह पश्चात् सभी अतिथियों ने मेला स्थल का अवलोकन भी किया। समारोह में पुलिस अधीक्षक श्याम सिंह, अतिरिक्त कलेक्टर छगनलाल गोयल, जिला प्रमुख राजेश राणा, प्रशिक्षु आईएएस गिरधर, नगरपरिषद सभापति गोविन्द टांक, उपसभापति अंबालाल व्यास, मुख्य समन्वयक और उपखण्ड अधिकारी चम्पालाल जीनगर, नगर परिषद आयुक्त महिपाल सिंह जालोर विकास समिति की समस्त टीम के कार्यकर्ता सहित बडी संख्या मे पुरूष, महिलाएें, बालक, बालिकाऐं, खिलाड़ी, अधिकारी, कर्मचारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। समारोह का संचालन मांगीलाल गुर्जर, नरपत प्रजापत ओर निशा कुट्टी ने किया।

error: Content is protected !!