Home जयपुर पशु चिकित्सा अधिकारियों के रिक्त पदों को शीघ्र भरा जाएगा – पशुपालन मंत्री

पशु चिकित्सा अधिकारियों के रिक्त पदों को शीघ्र भरा जाएगा – पशुपालन मंत्री


जयपुर 21 सितम्बर। पशुपालन मंत्री श्री लाल चन्द कटारिया ने बुधवार को विधानसभा में कहा कि पशु चिकित्सा अधिकारियों के 900 पदों पर भर्ती प्रक्रिया पूरी होते ही विधानसभा क्षेत्र वल्लभनगर पशु चिकित्सा अधिकारियों के रिक्त पदों को भर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हाल ही में वल्लभनगर में 21 पशुधन सहायकों की नियुक्ति भी की गई है।
श्री कटारिया ने प्रश्नकाल के दौरान इस संबंध में सदस्य द्वारा पूछे गये पूरक प्रश्न के जवाब में कहा कि पशु चिकित्सा अधिकारी के पदों की भर्ती प्रकरण वर्तमान में उच्च न्यायालय में लम्बित है तथा न्यायालय से निर्णय होते ही चिकित्सकों के रिक्त पदों को भरा जाएगा। उन्होंने बताया कि हाल ही में राज्य सरकार द्वारा 730 पशुधन सहायकों की नियुक्ति की गई है, इनमें से 43 पद उदयपुर जिले में भरे गए हैं तथा उनमें से 21 को वल्लभनगर विधानसभा क्षेत्र में नियुक्त किया गया है।
इससे पहले पशुपालन मंत्री ने विधायक श्रीमती प्रीति गजेन्द्र सिंह शक्तावत के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में बताया कि वल्ल्भकनगर विधानसभा क्षेत्र में पशु चिकित्सा अधिकारी के 8 तथा पशुधन सहायकों के 40 पद रिक्त हैं। उन्होंने बताया कि 197 पशु चिकित्सा अधिकारियों को आवश्यक अस्थाई आधार पर नियुक्ति दी गई है तथा 900 पशु चिकित्सा अधिकारियों की नियमित भर्ती की कार्यवाही प्रक्रियाधीन है।
उन्होंने कहा कि इसके अतिरिक्त 1436 पशुधन सहायकों की नियमित भर्ती के तहत 730 पशुधन सहायकों को नियुक्ति दी जा चुकी है तथा शेष पशुधन सहायकों की नियमित नियुक्ति एवं 300 पशुधन सहायकों की आवश्यक अस्थाई आधार पर नियुक्ति की कार्यवाही प्रक्रियाधीन है। उन्होंने कहा कि रिक्त पदों को कार्मिकों की उपलब्धता अनुसार भरा जाता है।

प्रकाश वैष्णव 25 सालों से पत्रकारिता क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं । सर्वप्रथम साप्ताहिक समाचार पत्र जय सत्यपुर से अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत कर लोक सूचना एवं क्षेत्र का साथी समाचार पत्र में सेवा दी । उसके बाद पिछले कई सालों से मारवाड़ का मित्र हिंदी पाक्षिक समाचार पत्र का संचालन निरंतर कर रहें हैं ।

error: Content is protected !!