
जयपुर, 9 मार्च। कृषि मंत्री श्री लालचन्द कटारिया ने बुधवार को विधानसभा में आश्वस्त किया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योेजना के अन्र्तगत किसानों की क्लेम राशि के मामलों का एक माह में निस्तारण कर भुगतान करने की कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी।
श्री कटारिया ने प्रश्नकाल में विधायकों द्वारा इस सम्बन्ध में पूछे गये पूरक प्रश्नों के जवाब में बताया कि इस मामले में केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री श्री कैलाश चौधरी से हाल ही में वार्ता की गई थी। उन्होंने बताया कि केन्द्रीय कृषि राज्य मंत्री ने अवगत कराया कि उन्होंने इस सम्बन्ध में संयुक्त सचिव भारत सरकार से वार्ता की है और इस सम्बन्ध में एक टीम जयपुर आयेगी।
उन्होंने बताया कि एग्रीकल्चर इन्श्योरेन्स कम्पनी ऑफ इण्डिया प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के लिए सात जिलों में काम कर रही है। उन्होंने बताया कि पहले इस कम्पनी की कोई शिकायत नही आ रही थी, लेकिन अब शिकायत आ रही है और इस सम्बन्ध में काश्तकारों ने केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री से भी पत्राचार किया है। उन्होंने बताया कि इस कम्पनी के सम्बन्ध में आ रही शिकायतों की जानकारी भारत सरकार के पास भी है। उन्होंने कहा कि इस सम्बन्ध में आज फिर केन्द्रीय कृषि एंव किसान कल्याण राज्य मंत्री से वार्ता की गई है।
श्री कटारिया ने बताया कि खरीफ 2021 में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 13 हजार 555 पॉलिसी सृजित की गई है, जिनमें से 571 बीमा पॉलिसी क्लेम राशि के लिए योग्य पाई गई है और इनकी 4 लाख 51 हजार 434 रुपये की क्लेम राशि बनी है । उन्होेंने बताया विधानसभा झाड़ोल में खरीफ 2021 में फसल बीमा योजना में कुल क्लेम राशि 45 लाख रुपये बनी है जिनमें से 20 लाख रुपये राज्यांश, 5 लाख किसानों की हिस्सा राशि एवं 20 लाख रुपये भारत सरकार की हिस्सा राशि शामिल है।
इससे पहले श्री कटारिया ने विधायक श्री बाबूलाल के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में बताया कि विधानसभा क्षेत्र झाडोल में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुरूप लागू है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अन्तर्गत अधिसूचित इकाई तहसील/पटवार में अधिसूचित फसलों में क्रमश 16 एवं 4 फसल कटाई प्रयोगों से प्राप्त उपज के औसत की तुलना पूर्व निर्धारित गारंटी उपज से की जाकर आनुपातिक क्षति के आधार पर बीमा क्लेम संबंधित बीमा कम्पनी द्वारा दिये जाते हैं।


