Home जयपुर फसल खराबे से प्रभावित किसानों को कृषि आदान-अनुदान वितरण के लिए केन्द्र से 2668 करोड़ रूपए की अतिरिक्त सहायता की मांग

फसल खराबे से प्रभावित किसानों को कृषि आदान-अनुदान वितरण के लिए केन्द्र से 2668 करोड़ रूपए की अतिरिक्त सहायता की मांग

केन्द्र सरकार को भेजे जाने वाले ज्ञापन को मुख्यमंत्री ने दी मंजूरी 

जयपुर, 23 नवम्बर। राज्य सरकार खरीफ-2021 में सूखे के कारण 33 प्रतिशत या इससे अधिक फसल खराबे से प्रभावित किसानों को कृषि आदान-अनुदान के वितरण एवं राहत गतिविधियों के संचालन के लिए केन्द्र सरकार से 2668.55 करोड़ रूपए की अतिरिक्त सहायता की मांग करेगी। मुख्यमंत्री श्री अशोक गहलोत ने इस संबंध में केन्द्र सरकार को भेजे जाने वाले ज्ञापन को मंजूरी दे दी है।
उल्लेखनीय है कि खरीफ-2021 के दौरान प्रदेश में सूखे से फसल खराबे की ग्राउंड ट्रूथिंग की गई थी। ग्राउंड ट्रूथिंग रिपोर्ट के आधार पर राज्य के 10 जिलों अजमेर, बाड़मेर, बीकानेर, हनुमानगढ़, जालोर, जैसलमेर, पाली, सिरोही, चूरू एवं जोधपुर की 64 तहसीलों को गंभीर श्रेणी की सूखाग्रस्त घोषित किया गया है।
गंभीर श्रेणी के सूखे से प्रभावित इन 64 तहसीलों में 33 प्रतिशत या इससे अधिक फसलों का खराबा होने के कारण प्रभावित किसानों को कृषि आदान-अनुदान वितरित करने एवं राहत गतिविधियों के संचालन के लिए राज्य सरकार के आपदा प्रबंधन विभाग ने भारत सरकार से अतिरिक्त राशि की मांग की है।
श्री गहलोत के इस निर्णय से सूखा प्रभावित क्षेत्रों में कृषि आदान एवं अनुदान वितरण तथा राहत गतिविधियों का संचालन शीघ्र हो सकेगा। इससे इन प्रभावित जिलों के किसानों को बड़ा संबल मिलेगा।

प्रकाश वैष्णव 25 सालों से पत्रकारिता क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं । सर्वप्रथम साप्ताहिक समाचार पत्र जय सत्यपुर से अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत कर लोक सूचना एवं क्षेत्र का साथी समाचार पत्र में सेवा दी । उसके बाद पिछले कई सालों से मारवाड़ का मित्र हिंदी पाक्षिक समाचार पत्र का संचालन निरंतर कर रहें हैं ।

error: Content is protected !!