Home | general news | पंचायतीराज चुनाव: तृतीय चरण के लिए मतदान दल रवाना, जिला निर्वाचन अधिकारी ने दिए निष्पक्ष व पारदर्शी मतदान के निर्देश

पंचायतीराज चुनाव: तृतीय चरण के लिए मतदान दल रवाना, जिला निर्वाचन अधिकारी ने दिए निष्पक्ष व पारदर्शी मतदान के निर्देश

सार

​पंचायतीराज चुनाव 2026 के तृतीय चरण हेतु सांचौर, चितलवाना, भादरूणा और सरवाना में मतदान दल रवाना हो गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी ने निष्पक्ष मतदान के निर्देश दिए। जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्यों का मतदान कल, जबकि पंच-सरपंच का मतदान 5 नवंबर को होगा।

विस्तार

जालोर | जिला डेस्क रिपोर्ट्स 2 नवंबर|जालोर राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित कार्यक्रमानुसार पंचायतीराज आम चुनाव 2026 के तहत तृतीय चरण के मतदान दलों के प्रस्थान के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. प्रदीप के. गावंडे ने कड़े निर्देश देते हुए कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया में नियुक्त सभी मतदान दल एवं अधिकारी-कार्मिक निष्पक्ष, पारदर्शी और पूरी तरह शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराएं। उन्होंने आयोग के निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने पर जोर देते हुए कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए हर कार्मिक को अपने कर्तव्य एवं दायित्व का निष्ठापूर्वक निर्वहन करना चाहिए।जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतदान दलों को पारदर्शिता के साथ निर्वाचन प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश देते हुए लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी सहभागिता पूरी निष्पक्षता से निभाने का आह्वान किया।

पंच-सरपंच चुनाव: 4 नवंबर को नामांकन और 5 को होगा मतदान व मतगणना

तृतीय चरण के तहत पंचायत समिति सांचौर, चितलवाना, भादरूणा और सरवाना में सरपंच एवं पंच पदों के चुनाव का विस्तृत कार्यक्रम घोषित कर दिया गया है। इसके अनुसार, 4 नवंबर (बुधवार) को सुबह 8 बजे से 11 बजे तक संबंधित ग्राम पंचायतों में नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए जा सकेंगे। इसके तुरंत बाद सुबह 11:30 बजे से नामांकन पत्रों की संवीक्षा (जांच) की जाएगी, जबकि नाम वापसी का समय दोपहर 2 बजे तक निर्धारित किया गया है। नाम वापसी की अवधि समाप्त होने के तुरंत बाद चुनाव प्रतीकों का आवंटन किया जाएगा और चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की अंतिम सूची का प्रकाशन किया जाएगा। इसके अगले दिन यानी 5 नवंबर (गुरुवार) को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक संबंधित ग्राम पंचायतों में मतदान संपन्न होगा तथा मतदान प्रक्रिया पूरी होने के तुरंत पश्चात मतगणना कर परिणामों की घोषणा की जाएगी।

इस बीच, जिले के वीर वीरमदेव स्नातकोत्तर महाविद्यालय से अंतिम प्रशिक्षण के पश्चात तृतीय चरण के मतदान दल भारी उत्साह के साथ अपने-अपने गंतव्य स्थलों के लिए रवाना हुए।रवानगी से पूर्व आयोजित अंतिम प्रशिक्षण सत्र में डीएलएमटी द्वारा पंचायतीराज चुनावों के संबंध में कार्मिकों को विस्तृत जानकारी दी गई। मतदान दलों को ईवीएम, वीवीपैट मशीनें, आवश्यक प्रपत्र तथा पंच-सरपंच चुनाव के लिए मतपत्र सहित सभी जरूरी मतदान सामग्रियां वितरित की गईं। इसके उपरांत दल सुरक्षा व्यवस्था के बीच अपने नियत मतदान केंद्रों के लिए रवाना हो गए।इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेन्द्र सिंह चांदावत, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नंद किशोर राजोरा, संबंधित पंचायत समिति के रिटर्निंग अधिकारी, एरिया मजिस्ट्रेट तथा जोनल मजिस्ट्रेट उपस्थित रहे, जिन्होंने पूरी रवानगी प्रक्रिया की मॉनीटरिंग की।

तृतीय चरण: सांचौर, चितलवाना, भादरूणा और सरवाना में कल होगा जिला परिषद व पंचायत समिति सदस्यों का मतदान

राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार पंचायतीराज आम चुनाव 2026 के अंतर्गत जिले में तृतीय चरण का मतदान मंगलवार को संपन्न होगा। इसके तहत पंचायत समिति सांचौर, चितलवाना, भादरूणा एवं सरवाना में जिला परिषद सदस्यों और पंचायत समिति सदस्यों के भाग्य का फैसला कल होगा। निर्वाचन आयोग के तय कार्यक्रम के अनुसार मतदान प्रक्रिया सुबह 7 बजे से शुरू होकर शाम 6 बजे तक अनवरत चलेगी। प्रशासन द्वारा निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के लिए सभी मतदान केंद्रों पर पुख्ता सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाताओं में अपने मताधिकार के प्रयोग को लेकर खासा उत्साह देखा जा रहा है। प्रशासनिक अधिकारियों ने मतदाताओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर लोकतंत्र के इस पर्व में अपनी भागीदारी निभाने की अपील की है। 

परिचय : प्रकाश वैष्णव एक सहकारी चिंतक, विश्लेषक, स्तंभकार और पत्रकार हैं।
​पत्रकारिता अनुभव: वे पिछले 25 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं।
​करियर की शुरुआत: उन्होंने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत सबसे पहले साप्ताहिक समाचार पत्र ‘जय सत्यपुर’ से की थी।
​अन्य सेवाएँ: इसके बाद उन्होंने ‘लोक सूचना’ एवं ‘क्षेत्र का साथी’ समाचार पत्रों में भी अपनी सेवाएँ दीं।
​वर्तमान दायित्व: वर्तमान में वे सहकारी आंदोलन को समर्पित प्रमुख हिंदी पाक्षिक समाचार पत्र ‘मारवाड़ का मित्र’ और ‘MKM MEDIA’ समूह वेब पोर्टल के चीफ एडिटर के रूप में निरंतर संचालन कर रहे हैं।

error: Content is protected !!