सार
जालोर जिला परिषद और 14 पंचायत समितियों की मतगणना शुक्रवार को वीर वीरमदेव राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में सुबह 8 बजे से होगी। प्रशासन ने सुरक्षा व पारदर्शी व्यवस्थाएं पूरी कर ली हैं। पर्यवेक्षक हनुमानमल ढाका निगरानी रखेंगे और जिले में ड्राई डे रहेगा।
विस्तार
पंचायतीराज चुनाव: जिले की सरकार का फैसला कल, 14 पंचायत समितियों और जिला परिषद की मतगणना सुबह 8 बजे से
जिला निर्वाचन अधिकारी और एसपी ने पीजी कॉलेज का किया निरीक्षण, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

जालोर | जिला डेस्क रिपोर्ट, 19 नवंबर |पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत जिले की ग्रामीण सरकार चुनने की घड़ी आ गई है। जिला परिषद जालोर और जिले की 14 पंचायत समितियों के सदस्य पदों के लिए हुए मतदान की मतगणना शुक्रवार, 20 नवंबर को जिला मुख्यालय स्थित वीर वीरमदेव राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय (पीजी कॉलेज) में सुबह 8 बजे से शुरू होगी। शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतगणना संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।मतगणना की पूर्व संध्या पर गुरुवार को जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. प्रदीप के. गांवड़े और जिला पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह इंदौलिया ने मतगणना स्थल पीजी कॉलेज का सघन निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न मतगणना कक्षों का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को प्रत्येक कक्ष में पर्याप्त प्रकाश और सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. गांवड़े ने स्पष्ट निर्देश दिए कि मतगणना के दिन व्यवस्था बनाए रखने के लिए मतगणना कार्मिकों, प्रत्याशियों और उनके मतगणना अभिकर्ताओं (एजेंटों) के प्रवेश और निकास के लिए पूरी तरह अलग-अलग रास्ते निर्धारित किए जाएं, ताकि अनावश्यक भीड़भाड़ न हो। उन्होंने परिसर में पेयजल, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, पर्यवेक्षक कक्ष, मीडिया सेंटर, निर्वाचन कक्ष, कैंटीन, वाहनों की पार्किंग तथा त्रिस्तरीय बैरिकेडिंग सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को समय रहते सभी तैयारियां पूर्ण करने को कहा। इस निरीक्षण के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी राजेंद्र सिंह चांदावत, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) नंदकिशोर राजोरा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोटाराम गोदारा और पुलिस उप अधीक्षक गौतम जैन सहित प्रशासन व पुलिस के अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
सुबह 7 बजे खुलेंगे स्ट्रांग रूम, 14 समितियों के परिणाम आएंगे सामने
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मतगणना शुरू होने से एक घंटे पूर्व यानी सुबह 7 बजे संबंधित पंचायत समिति क्षेत्रों के रिटर्निंग अधिकारियों की देखरेख में स्ट्रांग रूम खोले जाएंगे। स्ट्रांग रूम खोलने की पूरी प्रक्रिया मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी के बीच संपन्न होगी। इसके बाद ईवीएम मशीनों को मतगणना कक्षों में ले जाया जाएगा और ठीक सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती आरंभ हो जाएगी। इस मतगणना के माध्यम से जिला परिषद जालोर के सदस्यों के साथ-साथ जिले की आहोर, जालोर, भाद्राजून, सायला, भीनमाल, उम्मेदाबाद, जसवंतपुरा, सांचौर, चितलवाना, भादरूणा, सरवाना, रानीवाड़ा, बागोड़ा और सरनाऊ पंचायत समितियों के सदस्यों के भाग्य का फैसला होगा। जैसे-जैसे राउंड पूरे होंगे, वैसे-वैसे रुझान और परिणाम सामने आने लगेंगे, जिसे लेकर प्रत्याशियों और ग्रामीण क्षेत्रों के मतदाताओं में भारी उत्साह बना हुआ है।
हनुमानमल ढाका होंगे मतगणना पर्यवेक्षक, प्रमुख व प्रधान चुनाव की भी संभालेंगे जिम्मेदारी
पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत जिले में होने वाली मतगणना और आगामी निर्वाचन प्रक्रियाओं की पारदर्शी निगरानी के लिए राज्य निर्वाचन आयोग ने वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी की नियुक्ति की है। आयोग के निर्देशानुसार विभागीय जांच आयुक्त हनुमानमल ढाका को जालोर जिले का मतगणना पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। पर्यवेक्षक ढाका शुक्रवार, 20 नवंबर को पीजी कॉलेज में होने वाली जिला परिषद और जिले की सभी 14 पंचायत समिति सदस्यों की मतगणना प्रक्रिया का बारीकी से पर्यवेक्षण करेंगे। मतगणना के दौरान किसी भी प्रकार की तकनीकी या प्रशासनिक शिकायत के निस्तारण और आयोग के दिशा-निर्देशों की पालना सुनिश्चित करने में उनकी मुख्य भूमिका रहेगी। इसके अतिरिक्त, वे आगामी चरण में होने वाले जिला प्रमुख, उप जिला प्रमुख, पंचायत समिति प्रधान तथा उप प्रधान के अप्रत्यक्ष निर्वाचन कार्य का भी महत्वपूर्ण दायित्व निभाएंगे। प्रशासन की ओर से उनके लिए मतगणना स्थल पर अलग से पर्यवेक्षक कक्ष की व्यवस्था की गई है।

मतगणना के चलते जिले में कल रहेगा ‘सूखा दिवस’, शराब बिक्री पर पूर्ण प्रतिबंध
पंचायतीराज आम चुनाव-2026 की मतगणना को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने कड़े कदम उठाए हैं। राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार शुक्रवार, 20 नवंबर को मतगणना दिवस के अवसर पर संपूर्ण जालोर जिले में ‘सूखा दिवस’ (ड्राई डे) घोषित किया गया है। जिला प्रशासन की ओर से जारी आदेशों के तहत कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिले की समस्त देशी एवं अंग्रेजी शराब की दुकानों, बार और बीयर शॉप को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। सूखा दिवस की अवधि के दौरान जिले में कहीं भी शराब की बिक्री, खरीद, परिवहन और वितरण पर पूर्ण रूप से प्रतिबंध रहेगा।

