सार
खरीफ 2026 सूखा राहत वितरण के पारदर्शी दावों के बावजूद जालोर जिले के विशेष-सांचौर विधानसभा क्षेत्र में पटवारियों की गैरहाजिरी, ई-मित्र भ्रम और कथित राजनीतिक रसूख से पिछले सालो मे पात्र काश्तकार वंचित हैं; अब जवाबदेही तय करने हेतु जागरूक नागरिक न्यायपालिका की शरण लेने का मन बन रहे हैं।
विस्तार 
जालोर | जिले की ग्राउंड रिपोर्ट | 23 नवंबर |खरीफ फसल वर्ष 2026 (संवत् 2083) में सूखे से 33 प्रतिशत या उससे अधिक फसल खराबे पर राहत देने के लिए आपदा प्रबंधन, सहायता एवं नागरिक सुरक्षा विभाग ने 4 नवंबर 2026 को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी कर पारदर्शी और त्वरित वितरण का दावा किया है। सरकारी आदेश के मुताबिक असिंचित क्षेत्र में 11,000 रुपये प्रति हेक्टेयर (न्यूनतम 1,500 रुपये), बिजली के कुओं व नहर से सिंचित क्षेत्र में 22,000 रुपये प्रति हेक्टेयर (न्यूनतम 2,600 रुपये) तथा बारहमासी फसलों के लिए 30,000 रुपये प्रति हेक्टेयर (न्यूनतम 3,200 रुपये) की सहायता अधिकतम दो हेक्टेयर जोत सीमा तक देय है।जमीनी हकीकत और काश्तकारों के अनुभवों के बीच की खाई इन दिशा-निर्देशों की प्रभावशीलता पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा रही है। विशेषकर जालोर जिले की सांचौर विधानसभा क्षेत्र के संदर्भ में यह शिकायतें मुखर हैं कि कथित राजनीतिक रसूख के सहारे जमे कार्मिकों की कार्यशैली से वास्तविक काश्तकार राहत से वंचित रह जाते हैं। पिछले वर्षों के आंकड़ों और अनुभवों को देखें तो पात्र और जरूरतमंद वर्ग का बड़ा हिस्सा योजनाओं की औपचारिकताओं में उलझकर बाहर रह जाता है।
जमाबंदी, गिरदावरी और ठेका-बटाई के नियमों में पारदर्शिता की कसौटी
खरीफ 2026 के सूखा राहत दिशा-निर्देशों में पात्रता तय करने के लिए जमाबंदी और गिरदावरी रिपोर्ट को आधार बनाया गया है, जिसके तहत दो हेक्टेयर तक और दो हेक्टेयर से अधिक भूमि धारिता वाले काश्तकारों की अलग-अलग सूचियां निर्धारित प्रारूप में तैयार होनी हैं। कॉलम 1 से 11 तक की प्रविष्टियों में बिना किसी संशोधन या विशेष चिह्न के अंग्रेजी में ब्योरा दर्ज करने, खराबे के कोड (33, 50 या 75) और फसल श्रेणी (R, I या P) अंकित करने तथा नकद के स्थान पर सीधे बैंक खातों में ऑनलाइन भुगतान करने के निर्देश दिए गए हैं।ठेकेदारी या बाटेदारी से खेती करने वाले किसानों के लिए खातेदार से 5 रुपये के स्टाम्प पेपर पर लिखित सहमति लेकर तहसीलदार, पटवारी और ग्राम विकास अधिकारी की तीन सदस्यीय समिति के समक्ष प्रस्तुत करने का रास्ता रखा गया है। मृतक खातेदार के वैध उत्तराधिकारी, गैर खातेदार तथा दो हेक्टेयर तक जोत वाले सेवारत कार्मिक को भी तय शर्तों के दायरे में शामिल किया गया है। लेकिन जमीनी स्तर पर हल्का पटवारियों की अनुपलब्धता और वॉट्सऐप पर तैरते संदेशों के बीच काश्तकारों के लिए यह समझना कठिन हो रहा है कि सही कागजात समय पर किस मंच पर पहुंचेंगे।
मौजूदा दौर में जब राशि वितरण की प्रक्रिया को लेकर काश्तकारों में बेचैनी है, तब पटवार हल्कों से पटवारियों की गैरहाजिरी ने संकट और गहरा दिया है। दूसरी ओर, सोशल मीडिया और वॉट्सऐप समूहों में ई-मित्र पर दस्तावेज जमा कराने के संदेश तेजी से फॉरवर्ड हो रहे हैं, जिससे आम किसान भ्रम और भागदौड़ के बीच फंसे हैं। जबकि विभाग के दिशा-निर्देशों में तहसीलदार की स्वीकृति के बाद पटवारी को ग्राम विकास अधिकारी व कृषि पर्यवेक्षक के सहयोग से पात्र सूची और स्वीकृत राशि ग्राम पंचायत के नोटिस बोर्ड पर चस्पा करने तथा पूरी प्रक्रिया को पारदर्शी रखने का स्पष्ट प्रावधान है।पूर्व व्यवस्था में जब कृषि आदान-अनुदान का दायित्व सहकारिता विभाग के अधीन था, तब एकजाई सूची के आधार पर गांव में पैक्स स्तर पर लाभार्थियों को अपेक्षाकृत तेज भुगतान मिलने की बात कही जाती रही है। वहीं मौजूदा ऑनलाइन व डीबीटी (IFMS 3.0) व्यवस्था के लागू होने के बाद भी करीब आधे तबके के वंचित रह जाने की शिकायतें सिस्टम की संवेदनशीलता पर सवाल खड़ा करती हैं। इसी नाराजगी के चलते अब जागरूक नागरिकों ने पुरानी सूचियों को खंगालकर वंचित रहे वर्ग की राशि रुकने के मामलों में जिम्मेदार लोगों की नैतिक व प्रशासनिक जवाबदेही तय करने के लिए न्यायपालिका का दरवाजा खटखटाने का रुख अपनाया का मन बना लिया है।
समितियों की निगरानी और न्यायिक दखल की दस्तक
दिशा-निर्देशों के तहत योजना के क्रियान्वयन व शिकायत निस्तारण के लिए जिला स्तर पर कलेक्टर की अध्यक्षता में समिति, उपखंड स्तर पर एसडीएम की अध्यक्षता में उपसमिति तथा ग्राम स्तर पर पटवारी, ग्राम विकास अधिकारी व कृषि पर्यवेक्षक की समिति गठित की गई है। कलेक्टर को खसरा गिरदावरी प्रपत्र 7डी की सीमा के भीतर पात्र संख्या के आधार पर ऑनलाइन बजट मांग भेजने, लीड बैंक ऑफिसर्स से खातों की सक्रियता जांचने और साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट राज्य सरकार को भेजने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।इसके बावजूद सांचौर विधानसभा क्षेत्र में पिछले वर्षों की सूचियों के मिलान और कथित मनमानी से वंचित रहे काश्तकारों के मुद्दे ने अब सामाजिक व कानूनी रंग ले लिया है। जागरूक नागरिकों द्वारा न्यायपालिका का रुख किए जाने की चर्चा के चलते से यह स्पष्ट संकेत मिल रहा है कि राहत योजनाओं में लापरवाही या पक्षपात की शिकायतें अब केवल प्रशासनिक पत्राचार तक सीमित नहीं रहेंगी, बल्कि जवाबदेही की मांग को और धार देगी।

